Deoghar: देवघर नगर निगम वासियों के लिए ध्यान देने वाली खबर है। नगर निगम ने संपत्ति कर (होल्डिंग टैक्स) की वसूली तेज करने की तैयारी ली है।

नगर निगम कार्यालय सभागार में नगर आयुक्त सुलोचना मीणा की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में राजस्व संग्रहण की स्थिति का जायजा लिया गया। नगर आयुक्त ने सभी राजस्व निरीक्षकों (आरआइ) को आवंटित वार्डों में डोर-टू-डोर जाकर संपत्ति कर वसूली सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। साथ ही लंबे समय से संपत्ति कर बकाया रखने और भुगतान में आनाकानी करने वाले करदाताओं को नियमानुसार नोटिस जारी करने को कहा गया। नगर आयुक्त ने निर्धारित समय-सीमा में राजस्व संग्रहण का लक्ष्य पूरा करने पर जोर दिया।

राजस्व वसूली की प्रगति का जायजा लेने के लिए सहायक नगर आयुक्त गौरव कुमार और नगर मिशन प्रबंधक हिमांशु शेखर ने स्थल निरीक्षण भी किया। इस दौरान संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को लक्ष्य के अनुरूप काम करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि फिलहाल विभागीय दिशा-निर्देशों के तहत केवल संपत्ति कर की वसूली की जायेगी। ट्रेड लाइसेंस और वाटर यूजर चार्ज की वसूली विभागीय आदेश मिलने के बाद शुरू होगी।
नगर निगम कार्यालय स्थित जन सुविधा केंद्र में संपत्ति कर जमा करने की व्यवस्था है। निगम ने शहरवासियों से समय पर कर भुगतान करने और राजस्व संग्रहण में सहयोग करने की अपील की है।



