
देवघर: कोरोना के खिलाफ जंग लड़ने के लिए ज़्यादा से ज्यादा लोग टीकाकरण कराएं, इसको लेकर देवघर में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा के द्वारा जागरूकता अभियान चलाया गया। जागरूकता अभियान के तहत वैक्सिंग लेने वाले लोगों और वैक्सीन दे रहे स्वास्थ्य कर्मियों को गुलाब फूल देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रीता चौरसिया की अध्यक्षता में हुआ।


वैक्सीनेशन के प्रति लोगों को जागरूक कर रहीं महिला मोर्चा प्रदेश कार्य समिति सदस्य रीता चौरसिया ने कहा कि “प्रधानमंत्री ने आह्वान किया है कि 18 प्लस के सभी लोगों को वैक्सीन दिलाएं। इसे लेकर महिला मोर्चा ने जागरूकता अभियान शुरू किया है। वैक्सीन लेने और देने वाले सभी भाई बहनों को गुलाब फूल और फ्रूटी देकर सम्मानित किया गया है। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की ओर से अब प्रतिदिन लोगों को जागरूक किया जाएगा। महिला मोर्चा की सदस्य 18 प्लस वाले को टीका लेने के लिए प्रेरित कर टीका केंद्र पर ले जाएंगी।”


कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष विजया सिंह, महामंत्री अलका सोनी, उपाध्यक्ष सुमन देवी, मल्लिका झा, नगर अध्यक्ष माया केसरी, विशेष आमंत्रित सदस्य कुसुम सिंह, मीना झा, लक्ष्मी देवी, सविता मिश्रा, संध्या, रूबी मिश्रा उपस्थित थीं।



