Deoghar News : देवघर जिले के कुण्डा थाना क्षेत्र के बाबा कॉलोनी बैजनाथपुर में बंद घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये के जेवरात व अन्य सामान चोरी कर लिया। घटना को लेकर गृहस्वामिनी रेणुका भारती ने कुण्डा थाना में मामला दर्ज कराकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, रेणुका भारती 18 सितंबर 2026 को अपने घर में ताला बंद कर सरैयाहाट अस्पताल ड्यूटी करने चली गई थीं। 25 सितंबर को दोपहर बाद पड़ोसी ने फोन कर बताया कि उनके घर के मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ है। सूचना मिलने पर वह शाम करीब छह बजे घर पहुंचीं। मुख्य गेट का ताला टूटा मिला।

अंदर जाने पर घर का सामान बिखरा हुआ था। सामान का मिलान करने पर पता चला कि गोदरेज का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने का एक मंगलसूत्र, दो सोने की चेन, एक डायमंड लगी अंगूठी, एक ईयर रिंग, सात जोड़ी सोने के ईयर रिंग, दो सेट सोने के झुमके, दो सोने की अंगूठी, दो डायमंड लगी अंगूठी, एक सोने का पोला, एक गोल्ड बिस्किट, एक सोने का मंटिका, दो सोने के लॉकेट, एक चांदी का नेकलेस, दो चांदी के सिक्के, 10 जोड़ी चांदी की पायल और एक चांदी का गणपति गायब हैं।
शिकायत में चोरी गए सामान की वर्तमान अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है। रेणुका भारती ने आवेदन में अज्ञात चोरों द्वारा घर में घुसकर चोरी करने की बात कही है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।



