Deoghar News : देवघर जिले के कुंडा थाना क्षेत्र के तपोवन स्थित एक तालाब के पास शुक्रवार को तीन दोस्तों के जुटने के दौरान 18 वर्षीय युवक को गोली लगने से घायल होने का मामला सामने आया है। गोली युवक के दाहिने ठेहुने के ऊपर लगी और थाई के पास से निकल गई। घायल युवक की पहचान मोहनपुर थाना क्षेत्र के तपोवन जमुआ निवासी 18 वर्षीय उमेश कुमार, पिता रंजीत कुमार यादव के रूप में हुई है।

परिजनों ने उसे इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया है। घायल उमेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार की सुबह करीब 10 बजे उसका दोस्त सुधांशु कुमार यादव, जो मधुपुर थाना क्षेत्र के तेतरिया का रहने वाला है और वर्तमान में अपनी नानी के घर तपोवन जमुआ में रहता है, बाइक से उसके पास पहुंचा और उसे अपने साथ बुलाकर ले गया। इसके बाद दोनों ने कुंडा थाना क्षेत्र के किसनीडीह निवासी सुभाष मंडल को भी बाइक पर बैठाया। तीनों तपोवन स्थित एक तालाब के पास पहुंचे।

उमेश के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे तालाब के पास सुभाष मंडल ने पिस्टल निकालकर उस पर फायर कर दिया। गोली उसके दाहिने ठेहुने के ऊपर लगी और थाई के पास से निकल गई। गोली लगने के बाद सुधांशु कुमार यादव और सुभाष मंडल मौके से फरार हो गए। घायल ने बताया कि गोली लगने के बाद वह किसी तरह पैदल चलकर शाम करीब छह बजे अपने घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लेकर पहुंच। उमेश ने पुलिस को बताया कि उसे इस बात की जानकारी नहीं है कि किस परिस्थिति में उस पर गोली चलाई गई और उसे क्यों गोली मारी गई। शनिवार सुबह तक परिजनों की ओर से पुलिस को घटना की सूचना नहीं दी गई थी।
जानकारी मिलने के बाद मोहनपुर और कुंडा थाना की पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और घायल युवक से घटना के संबंध में पूछताछ की। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है



