Deoghar News : देवीपुर थाना क्षेत्र के खरकोटोल से 19 वर्षीय युवक को घूमने के बहाने बाइक से ले जाने, उसके परिजनों से 60 हजार रुपये की फिरौती मांगने और युवक के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर देवीपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराकर जांच और कार्रवाई की मांग की गई है।

मामले के अनुसार 20 सितंबर की शाम करीब चार बजे पप्पु कुमार को करण पासवान, सुभाष यादव और चन्दन यादव घूमने के बहाने खरकोटोल से बाइक पर बैठाकर ले गए। रात करीब आठ बजे परिजन के मोबाइल पर 80023404323 नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने कथित रूप से कहा कि 60 हजार रुपये फोन-पे स्कैनर पर भेजो नहीं तो युवक को मार देंगे।

इसके बाद परिजन युवक की खोजबीन में जुट गए। रात करीब 12:30 बजे एक अन्य नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने बताया कि दोंगी गांव से बोल रहे हैं और एक लड़के के साथ बेरहमी से मारपीट की गई है। सूचना मिलने पर परिजन वहां पहुंचे तो युवक ने बताया कि उसके साथ काफी मारपीट की गई है और मारपीट के दौरान वह बेहोश हो गया था।
होश में आने के बाद वह किसी तरह वहां पहुंचा। मामले में आरोप लगाया गया है कि युवक का मोबाइल भी छीनकर रख लिया गया था और थाना पुलिस को सूचना देने पर जान से मारने की धमकी दी गई थी। मामले को लेकर पुलिस से जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।



