
Deoghar: भाई की हत्या मामले में न्याय की मांग को लेकर रक्षाबंधन के मौके पर बहन सुरभि की एक्स पर सूबे के मुख्यमंत्री से की गयी गुहार के बाद पुलिस हरकत में आयी। मुख्यमंत्री ने सुरभि के पोस्ट का संज्ञान लेते हुए एक्स के माध्यम से ही देवघर के आला अधिकारियों को मामले में कार्रवाई का निर्देश दिया।

सीएम हेमंत सोरेन के निर्देश के बाद पुलिस ने जांच-पड़ताल और पर्यवेक्षण की प्रक्रिया पूरी कर गुरुवार को जसीडीह के चकाई मोड़ के पास से रुद्रा फाउंडेशन नशामुक्ति केंद्र के संचालक व मुख्य आरोपी कृष्णा मुखर्जी को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेशी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

बता दें कि मामला जसीडीह के डाबरग्राम बीएड कॉलेज के सामने स्थित रुद्रा फाउंडेशन नशामुक्ति केंद्र का है। 23 जुलाई को यहां भर्ती एक किशोर की निर्मम हत्या हुई थी। घटना के बाद परिजनों और अन्य लोगों ने विरोध करते हुए सड़क जाम किया था। किशोर के पिता ने जसीडीह थाना में आवेदन देकर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी थी। परिजनों का आरोप था कि आरोपियों ने किशोर के साथ मारपीट और बिजली का करंट देकर उसकी हत्या कर दी गयी है। पुलिस ने घटना के दिन ही नशामुक्ति केंद्र के संचालक कृष्णा को हिरासत में लिया था। पूछताछ के बाद उसे पीआर बॉन्ड पर छोड़ दिया गया था।
जिसके बाद मृतक किशोर की बहन सुरभि ने रक्षाबंधन पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से सीएम से न्याय की गुहार लगायी।
सुरभि ने पोस्ट में आरोप लगाया गया कि उनके 13 वर्षीय भाई को बेरहमी से मार डाला गया, लेकिन पुलिस ने मुख्य आरोपी को छोड़ दिया। परिजन ने इलाके में ड्रग्स का कारोबार चलने और मदद नहीं मिलने का भी आरोप लगाया।
सुरभि ने एक्स पर सवाल उठाया कि मुख्य आरोपी कृष्ण मुखर्जी को किस कानूनी प्रावधान के तहत थाना स्तर पर पीआर बॉन्ड पर जमानत दी गयी। साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की गयी।
मुख्यमंत्री ने मामले का तुरंत संज्ञान लेकर देवघर के आला अधिकारियों को कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच और पर्यवेक्षण के आधार पर कृष्णा मुखर्जी को पुनः गिरफ्तार किया।
बता दें की इस हत्याकांड में पुलिस पहले ही मुख्य आरोपी आसनसोल निवासी अबीरभव मुखर्जी और अंकित कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है। कृष्णा मुखर्जी की गिरफ्तारी के साथ मामले में पुलिस की कार्रवाई आगे बढ़ी है।



