
Deoghar News : श्रावणी मेला के दौरान यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कई तरह के प्रयास किए गए हैं। बाहर के वाहनों का शहर में प्रवेश रोकने के साथ ही भारी मालवाहक वाहनों के शहर में प्रवेश का समय भी निर्धारित किया गया है। इसके बावजूद मेला के दौरान शहर के विभिन्न इलाकों में रोजाना जाम की स्थिति बन रही है।

जाम का मुख्य कारण मेला के दौरान शहर में ऑटो व टोटो की संख्या में काफी बढ़ोतरी होना बताया जा रहा है। वहीं, ऑटो व टोटो के लिए पार्किंग की भी कोई जगह नहीं है। लोगों की आवाजाही के लिए यह सबसे सुलभ साधन होने के कारण इनकी संख्या बढ़ गयी है।

इस वजह से पुराना मीना बाजार चौक से मंदिर मोड़, बाजला चौक के आसपास, थाना चौक, कचहरी रोड और भुरभुरा मोड़ समेत कई इलाकों में जाम लग रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को कुंडा थाना क्षेत्र में वाहनों का लंबा जाम लग गया। कुंडा मोड़ से पुराना बस स्टैंड तक करीब दो किलोमीटर तक वाहनों की कतार लगी रही।
एक घंटे से अधिक समय तक लगे इस जाम में काफी संख्या में छोटे-बड़े वाहन फंसे रहे। स्थिति यह थी कि वाहन टस से मस नहीं हो रहे थे। जाम में फंसे लोग हलकान रहे और कहीं से निकलने की जगह नहीं बची थी। जाम की सूचना मिलने पर कुंडा व यातायात थाना की पुलिस सक्रिय हुई।
काफी प्रयास के बाद जाम को हटाया गया। जाम हटने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। जानकारी हो कि सोमवारी के मौके पर बाबा नगरी में बाहर से काफी संख्या में कांवरिया पहुंचे थे।
मंगलवार सुबह से बाहर से आए लोगों के बासुकीनाथ और अपने गंतव्य स्थल की ओर जाने का सिलसिला शुरू हुआ। इससे सड़क पर वाहनों का दबाव अचानक काफी बढ़ गया और कुंडा क्षेत्र में जाम की स्थिति बन गयी।



