
Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र के पटेल चौक से जलसार पार्क जाने वाले मार्ग पर देर शाम एक अनियंत्रित टैंकर ने स्कूटी सवार अधेड़ को रौंद दिया।

हादसे में भगवान टॉकीज निवासी अरविंद वर्णवाल की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक मूल रूप से बिहार के जमुई जिला के झाझा थाना क्षेत्र के बाबू बांक गांव के रहने वाले थे। वह देवघर में परिवार के साथ किराये के मकान में रहकर सर्जिकल सामान बेचने का काम करते थे।

घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त टैंकर को जब्त कर थाना ले आई। हालांकि, हादसे के बाद टैंकर चालक मौके से फरार हो गया।
इधर, घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजन सदर अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।



