Deoghar : देवघर नगर थाना क्षेत्र में धपरा गैंग के आतंक का आरोप लगाते हुए कास्टर टाउन निवासी बिपिन कुमार सिंह ने नगर थाना में शिकायत दी है। उन्होंने आरोप लगाया है कि 22 सितंबर की शाम करीब 9:30 बजे 4-5 अज्ञात युवक दुकान में घुस आए और उनके साथ मारपीट करने लगे।

विरोध करने पर गल्ले से 8,500 रुपये नकद निकाल लिए। शिकायत के अनुसार, बीच-बचाव करने पहुंचे उनके साला चंदन कुमार सिंह के साथ भी आरोपितों ने मारपीट की और उसके गले से करीब दो भर सोने की चेन नोच ली। उनकी सास के गले से भी करीब दो भर सोने की चेन छीनने का आरोप है।

शिकायतकर्ता के मुताबिक छीनी गई सोने की चेन की कीमत करीब पांच लाख रुपये है। मारपीट के दौरान एक आरोपित ने उन्हें धमकी भी दी। घटना के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात कैद होने की बात कही गई है।
बुधवार को नगर थाना की पुलिस टेक्निशियन के साथ दुकान पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला। पुलिस फुटेज के आधार पर घटना को अंजाम देने वाले आरोपितों की पहचान में जुटी है। शिकायतकर्ता ने पुलिस से आरोपितों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी की मांग की है।



