नई दिल्लीः दुनियाभर में लोकप्रिय नंबर पजल गेम सुडोकू के जनक (Sudoku Godfather) माकी काजी का 69 साल की उम्र में निधन हो गया है। उनकी पहचान एक पजल उत्साही और प्रकाशक के तौर पर होती थी. माकी जाकी की कंपनी ने उनके निधन की जानकारी दी.
समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक माकी काजी की कंपनी ने कैंसर से उनके निधन होने की पुष्टि की है। माकी काजी को सुडोकू का जनक भी माना जाता है। इसका आविष्कार 18वीं सदी में स्विस गणितज्ञ लियोनहार्ड यूलर ने किया था। इसे माकी काजी ने दुनियाभर में लोकप्रिय बनाया।
माकी काजी ने सुडोकू नाम की खोज की थी। इस जापानी शब्द का मतलब है- सभी संख्या एकल होनी चाहिए। जापान से संबंध रखने वाले माकी काजी ने सुडोकू गेम पर कई लेक्चर भी दिए थे।
सुडोकू के गॉडफादर माकी काजी ने अपनी पहेली से जुड़ी पत्रिका से सुडोकू को घर-घर तक पहुंचाने का काम किया था। इसी की देखा-देखी कई अखबारों में सुडोकू को जगह दी जाने लगी। आज भी भारत के अलावा दुनियाभर के अखबारों में सुडोकू को जगह दी जाती है। इसके अलावा बड़ी संख्या में लोग मोबाइल पर भी सुडोकू खेलते हैं। इस गेम को मानसिक विकास को बढ़ाने वाला माना जाता है। वैज्ञानिक भी सुडोकू को दिमाग के कसरत के लिए काफी जरूरी बताते हैं। माना जाता है दुनियाभर में करीब 10 करोड़ लोग हर दिन सुडोकू को सॉल्व करते हैं।
सुडोकू को लेकर काजी ने कही थी ये बात
बीबीसी से 2007 में बात करते हुए माकी जाकी ने बताया था कि जब मैं एक पहेली के लिए एक नया विचार देखता हूं, जिसमें बहुत अधिक संभावनाएं होती हैं तो मैं वास्तव में उत्साहित हो जाता हूं। उन्होंने कहा था कि बेहतर पहेली बनाने के लिए नियमों को आसान बनाना जरूरी होता है. काजी ने कहा था कि ये खजाना खोजने जैसा है। ये इस बारे में नहीं है कि ये पैसा कमाएगा या नहीं, ये कुल मिलाकर इसे हल करने की कोशिश करने का उत्साह है। बता दें कि दुनियाभर में 10 करोड़ लोग नियमित रूप से पहेली को हल करते हैं। यही वजह है कि ये लोगों के बीच खासा लोकप्रिय है।
क्या होता है सुडोकू?
सुडोकू गेम एक तरह का पजल है। इसमें एक बॉक्स होती है जिसे नौ हिस्सों में बांटा जाता है। हर हिस्से में नौ खाने होते हैं और हर खाने में 1 से 9 तक की संख्या को भरना होता है। बॉक्स की हर लाइन में 1 से 9 के बीच किसी संख्या को ना तो छोड़ना होता है और ना ही दुबारा भरना होता है। इस खेल को आप अखबार पर छपे हुए भी देख सकते हैं। इसके अलावा सुडोकू को ऑनलाइन भी खेला जा सकता है।