Ranchi: झारखंड में पार्टी का विस्तार करने आए विकासशील इंसान पार्टी के नेता और बिहार सरकार में पशुपालन मंत्री मुकेश साहनी (Mukesh Sawhney) ने लालू प्रसाद (Lalu Prasad) की तारीफ की। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि लालू प्रसाद यादव उनके दिल में बसते हैं और वे उनकी विचारधारा से काफी प्रभावित हैं।
साहनी ने शनिवार को पत्रकार वार्ता में कहा कि लालू गरीबों का कल्याण करने वाले और सामाजिक न्याय को मानने वाले लोग हैं। साथ ही उन्होंने नीतीश कुमार के काम की भी तारीफ की। साहनी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि यूपी में भाजपा 325 से 274 पर आ गई। इसका चिंतन उन्हें करना चाहिए। साहनी ने कहा कि जो लोग यूपी में वीआईपी के चुनाव लड़ने पर सवाल कर रहे हैं, वे यही सवाल नीतीश कुमार से क्यों नहीं करते हैं। उन्होंने कहा कि मैं मल्लाह का बेटा हूं। इसलिए भाजपा के कुछ नेता परेशान हैं।
बिहार में नीतीश सरकार बनने और चलने में हम पार्टी और वीआईपी पार्टी के अहम योगदान की याद दिलाते हुए मुकेश साहनी ने कहा कि हमारे पार्टी में कहीं खींचतान नहीं है और सभी विधायक एकजुट हैं। झारखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश में निषादों और उनकी उपजातियों की बड़ी संख्या है। ऐसे में वे 2024 के लोकसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। मुकेश ने कहा कि वे तीनों राज्यों की 134 लोकसभा सीटों पर उम्मीदवार खड़ाकर अपनी ताकत का अहसास कराएंगे।
झारखंड में थर्ड फ्रंट में शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि सरयू राय अक्सर पिछड़े, दलित और वंचितों की आवाज उठाते हैं। इसलिए उनसे बात हुई है। झारखंड में वीआईपी की भविष्य में दशा और दिशा क्या होगी ये बाद में तय किया जाएगा। उन्होंने जल्द ही झारखंड में पार्टी के राज्य कार्यकारिणी के गठन की बात कही। मुकेश ने कहा कि उनका पूरा फोकस झारखंड पर है और जिला स्तर से लेकर प्रखंड स्तर तक पार्टी को मजबूत किया जाएगा। इस दौरान कई नेता मौजूद थे।