
Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र के बिलासी टाउन स्थित इंडियन पंच गली में ट्रांसफार्मर पर कार्य के दौरान बिजली आपूर्ति अचानक चालू हो जाने से दो मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों की तत्परता से दोनों घायलों को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घायलों की पहचान बिहार के बांका जिले के ककवारा कमरसंहोला निवासी अनिल कुमार तथा पोखरिया निवासी सुमन कुमार के रूप में हुई है।

दोनों मजदूरों ने बताया कि वे लूमीनो इंडस्ट्री लिमिटेड में मजदूर के रूप में कार्यरत हैं और संबंधित ट्रांसफार्मर पर काम कर रहे थे। घायलों के अनुसार, ट्रांसफार्मर पर कार्य शुरू करने से पहले बैजनाथपुर पीएसएस में कार्यरत संतोष कुमार से विधिवत शटडाउन लिया गया था। उनका कहना है कि नया ट्रांसफार्मर चालू होने की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान अचानक बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई, जिससे ट्रांसफार्मर में करंट प्रवाहित हो गया और दोनों मजदूर उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इस हादसे के बाद बिजली विभाग की कार्यप्रणाली और सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल दोनों मजदूरों का इलाज देवघर सदर अस्पताल में जारी है। मामले को लेकर आगे की जांच और आवश्यक कार्रवाई संबंधित स्तर पर की जा रही है।
मामले को लेकर जब विभाग के एसडीओ लवकुमार से पुछा गया तो उन्होंने कहा कि किस परिस्थिति में यह घटना घटी यह कंपनी के साईट इंजिनियर से बातचीत करने के बाद ही पता चल पायेगा। बताया कि लूमीनो इंडस्ट्री लिमिटेड के द्वारा कार्य कराया जा रहा था।


