
Deoghar News : देवघर जिले के कुंडा थाना क्षेत्र के करनीबाग निवासी 19 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। मृतक की पहचान करनीबाग निवासी तपन दास के पुत्र जीत कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि जीत कुमार दो दिन पूर्व ही दूसरे प्रदेश से मजदूरी कर अपने घर वापस लौटा था।

मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। वह घर में अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। इसके बाद परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। सदर अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी ली। मृतक के पिता तपन दास ने पुलिस को आवेदन देकर शव का पोस्टमार्टम नहीं कराने का अनुरोध किया।
आवेदन में उन्होंने बताया है कि बेटे की तबीयत अचानक खराब हुई थी और घर में बेहोश होकर गिरने के बाद उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गई।
पुलिस को दिए आवेदन के बाद मृतक के पिता शव को लेकर चले गए। युवक की मौत को लेकर इलाके में चर्चा बनी हुई है।



