
Deoghar: देवघर से बड़ी खबर है। देवघर एसपी ने अवैध वसूली मामले में बड़ी कार्रवाई की है। कार्य में लापरवाही और अवैध उगाही के आरोप में पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने एक पुलिस पदाधिकारी सहित पांच पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई कुंडा थाना क्षेत्र में बाइक सवार से अवैध वसूली की शिकायत मामले की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई।

जानकारी के अनुसार, दुमका जिले के जामा थाना क्षेत्र निवासी राजू पुजहर ने एसपी को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया था कि यातायात पुलिसकर्मियों ने उससे पांच हजार रुपये जुर्माना की मांग की और एक निजी व्यक्ति के बैंक खाते में एक हजार रुपये जमा कराए। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने मामले की जांच का आदेश दिया। जांच के दौरान घटनास्थल का सीसीटीवी फुटेज खंगाला गया तथा पीड़ित का बयान दर्ज किया गया। डीएसपी मुख्यालय द्वारा की गई जांच में शिकायत सही पाई गई।

इसके बाद एसपी ने मौके पर मौजूद एक पुलिस पदाधिकारी और चार आरक्षियों को निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया।
एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि जांच में संबंधित पुलिसकर्मी दोषी पाए गए हैं, इसलिए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की आगे भी जांच जारी है और यदि इसमें कोई अन्य व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


