
Motihari: बिहार के मोतिहारी जिले में हुई एक शादी के बाद दूल्हा सुहागरात का इंतजार ही करता रह गया और नई नवेली दुल्हन शादी के चंद घंटे बाद ही ससुरालवालों को लूट कर फरार हो गई। मामला जिले के पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र स्थित धनौजी पंचायत के हरनाथपुर परसौनी गांव का है। जहां शादी के बाद दुल्हन विदा होकर वापस आई और अगले दिन ही घर का सारा सामान लेकर फरार हो गई। घटना के बाद से दूल्हा और उसका परिवार परेशान है।

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र के हरनाथा गांव के जोगी साह के पुत्र आनंद कुमार की शादी हिंदू रीति रिवाज से विगत 9 मई को ढाका थाना क्षेत्र के परसा निवासी रामनाथ साह की पुत्री मुन्नी कुमारी के साथ हुई थी। 10 मई को नई दुल्हन के साथ अपने घर पहुंचा। घर के लोगों ने उसका गर्मजोशी से स्वागत किया। नई दुल्हन के आने की खुशी में घर में उत्सवी माहौल था। दुल्हन के साथ उसका भाई और भाई का दोस्त भी आया था।

एक दिन बाद 11 मई की सुबह दूल्हे ने देखा कि दुल्हन घर में नहीं है। उसके साथ-साथ दुल्हन का भाई और दोस्त भी गायब थे। लोगों ने जब घर में देखा तो 4 लाख के जेवरात और 1.50 लाख नगद भी गायब थे। दहेज में जो नई बाइक मिली थी वह भी नदारद थी।
घर आई नई नवेली दुल्हन, जिसे घर में आए चंद घंटे भी हुए थे। वह घर के जेवरात और कुछ नगदी लेकर अपने भाई और उसके दोस्तों के साथ फरार हो गई। घर वाले परेशान हो कर अब थाने का चक्कर लगा रहे हैं। पकड़ीदयाल थानाध्यक्ष सरफराज अहमद ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। जो भी जांच में आएगा आगे कार्रवाई की जाएगी।


