
Ranchi: झारखण्ड के गोड्डा से भाजपा सांसद निशिकांत दूबे (MP Nishikant Dubey) के एक ट्वीट पर झारखंड में सियासी खलबली मचा दी है। ट्वीट पर चर्चा कर रहे सत्ता के गलियारे के लोग उन चार शकुनि और विभीषण को अपने-अपने तरीकों से परिभाषित करने में लगे हैं, जिसका जिक्र ट्वीट में निशिकांत दुबे ने किया है। यानि कौन है ये प्रेम, पूजा, चौबे, कुमार और अग्रवाल द्वय, मिश्र , श्रीवास्तव?

सबसे पहले तो निशिकांत दुबे ने पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के उस ट्वीट को रीट्वीट किया। जिसमें सीएम हेमंत सोरेन पर पत्नी कल्पना सोरेन को 11 एकड़ सरकारी जमीन दिलाने के आरोपों के बाद पक्ष-विपक्ष सियासी हंगामा बरपा है। जिसपर निशिकांत दुबे लिखते हैं “इ तो डकैती कर रहा है,यह चोरी व भ्रष्टाचार नहीं है ।माल महाराज का मिर्ज़ा खेले होली ।मधु कोड़ा जी तो इनके करतूत के सामने महात्मा दिखाई पड़ रहे हैं। “

इस ट्वीट के दो घंटे के बाद गोड्डा के सांसद निशिकांत दूबे का एक और ट्वीट आता है जिसके बाद सियासी हलचल शुरू हो जाती है। ट्विटर पर लिखे गए संदेश में निशिकांत दुबे ने कहा कि “चार शकुनि और चार विभीषण हेमंत सोरेन को रसातल में पहुंचा दिया।”
निशिकांत दुबे द्वारा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को टैग किए गए ट्वीट में चार शकुनि व चार विभीषण के बारे में में बताने की कोशिश की गई है। प्रेम, पूजा, चौबे, कुमार के सांकेतिक नामों के कई मतलब निकाले जा रहे हैं। शकुनि को उदृत करते हुए निशिकांत दूबे ने अग्रवाल द्वय, मिश्र और श्रीवास्तव का जिक्र किया है और विभीषण प्रेम, पूजा, चौबे, कुमार को बताया है। बीजेपी सांसद ने अपने ट्वीट में कहा कि अब तो हेमंत सोरेन के बचने का कोई रास्ता ही नहीं है। पिता जी शिबू सोरेन व बड़े भाई दुर्गा सोरेन जी की पार्टी को उन्होंने मिट्टी में मिला दिया।
एक और ट्वीट में निशिकांत दुबे कहते हैं कि “झारखंड सरकार की कहानी महान लेखक देवकी नंदन खत्री जी के चन्द्रकान्ता उपन्यास की तरह है, इस कहानी में वर्णित चुनार के किले का पूरा रूपांतरण रांची में चल रहा है। तिलिस्म, ऐयारी, फोक्सियारी, दरबारी की पिटाई। आगे और भी मजेदार होगा।”
एक पर एक कई ट्वीट के जरिये मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को निशाने पर लेते हुए निशिकांत दूबे ने कहा कि झारखंड सरकार निकम्मी सरकार है, और कोई शर्म इस सरकार में बची नहीं है। जनता बिजली बिना त्राहिमाम कर रही है और मुख्यमंत्री जी पार्टी करने में लगे हुए हैं। मुख्यमंत्री जी का चुनाव में विधानसभा से कनेक्शन कट होना तय है।
निशिकांत दूबे ने कहा कि भाजपा सड़क पर जनता के हक के लिए उतरेगी और हम इस विफल सरकार को घुटनों पर लाने का काम करेंगे। बेरोजगारी, पानी की समस्या, बिजली की समस्या, माफियाओं, दलालों, दुष्कर्म की घटनाओं से जनता परेशान हो चुकी है और अब बारी है इस सरकार को परेशानी में लाने की।
आगे निशिकांत दूबे ने कहा- हेमंत सरकार का काला चिट्ठा अब बाहर आता नजर आ रहा है। भाजपा ने संघर्ष कर इस सरकार की चोरी, दलाली को सामने लाने का काम किया है। अब समय नजदीक है जब हेमंत जी और इनके सहयोगियों को घर बैठाया जाए।
झारखण्ड में बिजली कटौती पर निशिकांत दुबे लिखते हैं ” यह चुनावी जुमला था मुख्यमंत्री @HemantSorenJMM जी का ।मेरे लोकसभा व आपके विधानसभा गोड्डा,देवघर व दुमका ज़िले की जनता गर्मी से परेशान है ,बच्चे ढिबरी में पढ़ रहे हैं,पानी तो कुँआ में भी नहीं है,उद्योग धंधा तो केवल बालू,गिट्टी व शराब बचा है ।इ तीर तो पाषाण युग में पहुँचा दिया”


