
Deoghar: देवघर जिले के सारठ थाना क्षेत्र में मस्जिद के पास स्थित पैतृक जमीन को लेकर चल रहे विवाद के बीच हुई पंचायती के दौरान मारपीट में एक व्यक्ति घायल हो गया।

घायल की पहचान पालोजोरी थाना क्षेत्र के जमुना गोपालपुर निवासी मोहम्मद औरंगज़ेब के रूप में हुई है। उन्हें इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लाया गया, जहां ऑन ड्यूटी चिकित्सक ने उपचार के बाद छुट्टी दे दी। घायल मोहम्मद औरंगज़ेब ने बताया कि सारठ में उनकी पैतृक जमीन है, जिस पर अवैध रूप से मदरसा बने होने का आरोप है। इस विवाद को लेकर काफी दिनों से बातचीत चल रही थी। इसी सिलसिले में सोमवार को पंचायती बुलाई गई थी।

औरंगज़ेब का आरोप है कि पंचायती के दौरान मौजूद लोगों ने जमीन से संबंधित कागजात दिखाने से इनकार कर दिया। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई, जिससे वह घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। पुलिस शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। दोनों पक्षों के दावों और उपलब्ध तथ्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


