
Deoghar: देवघर जिले के रिखिया थाना क्षेत्र के थढ़ीयारा गांव में मंगलवार सुबह बिजली करंट की चपेट में आने से दो महिलाएं घायल हो गईं। घायलों की पहचान 55 वर्षीय मीना देवी और 35 वर्षीय रीता मंडल के रूप में हुई है। दोनों का इलाज देवघर सदर अस्पताल में चल रहा है।

परिजनों ने बताया कि मंगलवार सुबह नींद से उठने के बाद मीना देवी घर के मुख्य गेट में लगे करकट के दरवाजे को खोलने गई थीं। इसी दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आ गईं। उन्हें तड़पता देख रीता मंडल बचाने के लिए आगे बढ़ीं, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आकर घायल हो गईं।

परिजनों के अनुसार घर में बिजली का तार दरवाजे के ऊपर से होकर गया था। तार का एक हिस्सा कट जाने के कारण करंट लोहे के दरवाजे में प्रवाहित हो गया, जिससे यह हादसा हुआ।
घटना के बाद परिजनों ने तुरंत एंबुलेंस की सहायता से दोनों महिलाओं को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में ऑन ड्यूटी चिकित्सक ने प्राथमिक जांच के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए भर्ती कर लिया। घटना के बाद परिवार के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल रहा।


