
Deoghar News : जसीडीह-चकाई मुख्य मार्ग पर मानिकपुर ओवरब्रिज के समीप शनिवार को हुए सड़क हादसे में दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को जसीडीह थाना पुलिस ने तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार घायल अभिनाश कुमार यादव, निवासी ग्राम कुंजीसार, तथा प्रकाश राम, निवासी जोरमो थाना जसीडीह, स्कूटी से अपने परिचित असलम अंसारी, निवासी जोरमो, के साथ जसीडीह से घर लौट रहे थे। इसी दौरान मानिकपुर ओवरब्रिज के पास स्कूटी अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि अभिनाश कुमार यादव और प्रकाश राम सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों ने बताया कि दुर्घटना के बाद स्कूटी चला रहा असलम अंसारी वाहन लेकर मौके से चला गया, जबकि दोनों घायल सड़क पर ही पड़े रहे। घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल जसीडीह थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही जसीडीह थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और बिना देर किए दोनों घायलों को पुलिस वाहन से इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में ऑन ड्यूटी चिकित्सक ने प्राथमिक जांच के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया।
पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटाने में लगी है। दुर्घटना के कारणों और घटना के बाद स्कूटी चालक के मौके से चले जाने के संबंध में भी आवश्यक जांच की जा रही है।



