
Panaji: गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत (Goa Chief Minister Pramod Sawant) ने गुरुवार को कहा कि राजग (NDA) की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू (Presidential candidate Draupadi Murmu) को उम्मीद से ज्यादा वोट मिलेंगे, क्योंकि फिलहाल राज्य में भाजपा (BJP) के पास संख्या है। मुर्मू 18 जुलाई को होने वाले चुनाव के लिए सांसदों और विधायकों से समर्थन लेने के लिए गुरुवार दोपहर गोवा पहुंचीं।
विधायकों के समर्थन के अलावा, भाजपा के पास संसद के दो सदस्य हैं – केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री श्रीपद नाइक और राज्यसभा सांसद विनय तेंदुलकर।

गुरुवार तड़के विधानसभा सत्र स्थगित होने के बाद द्रौपदी मुर्मू से मिलने के लिए भाजपा के 20 विधायक, 2 एमजीपी और 3 निर्दलीय विधायक पहुंचे। श्रीपद नाइक, राज्यसभा सांसद विनय तेंदुलकर और अन्य वरिष्ठ भाजपा नेता उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री सावंत ने मुर्मू से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि बीजेपी के 20 विधायकों के समर्थन के अलावा, एमजीपी के दो और तीन निर्दलीय वोट मुर्मू को मिलेंगे। सावंत ने कहा, “हमें उम्मीद है कि द्रौपदी मुर्मू को मौजूदा संख्या से अधिक वोट मिलेंगे। 25 विधायकों के अलावा, हमने अन्य विधायकों से भी उन्हें वोट देने की अपील की है। हमें और वोट मिलने की उम्मीद है।”
सांसद विनय तेंदुलकर ने कहा कि द्रौपदी मुर्मू को सबसे ज्यादा वोट गोवा से मिलेंगे। तेंदुलकर ने कहा, “वह बहुमत से जीतेंगी।”


