
Deoghar News : सोनारायथाठी थाना क्षेत्र के एक गांव में घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।

घायल महिला रंजू देवी को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लाया गया, जहां ऑन ड्यूटी चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद वार्ड में भर्ती कर लिया। उनकी हालत पर चिकित्सकों की नजर बनी हुई है।

परिजनों ने बताया कि घर में पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। इसी दौरान जेठानी सुनीता देवी बीच-बचाव करने पहुंचीं। आरोप है कि तब तक पति ने कुल्हाड़ी से हमला कर रंजू देवी को गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
बीच-बचाव करने पर सुनीता देवी के साथ भी मारपीट की गई, जिससे उनका हाथ टूट गया। परिजनों के अनुसार, शोर सुनकर गोविंद सहित गांव के अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि रंजू देवी खून से लथपथ पड़ी थीं और उनके बाएं हाथ की एक उंगली कटकर अलग हो गई थी।
घटना की सूचना तत्काल सोनारायथाठी थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आरोपी पति को गिरफ्तार कर थाना ले गई।
वहीं घायल रंजू देवी को बेहतर इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


