
Deoghar News : बाबा मंदिर थाना में पदस्थापित एक दरोगा, एक सिपाही तथा मुंशी को कर्तव्यहीनता के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। इस संबंध में देवघर के पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने कार्रवाई करते हुए तीनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। निलंबित हुए पुलिस पदाधिकारी में दरोगा संजय कुमार, सिपाही अवधेश कुमार और मुंशी सुभाशिष झा के नाम शामिल है

जानकारी के अनुसार, बाबा मंदिर क्षेत्र स्थित एक होटल संचालक ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर आरोप लगाया था कि संबंधित पुलिसकर्मियों ने होटल में भोजन करने के बाद उसका भुगतान नहीं किया। होटल संचालक की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने मामले की जांच कराने का निर्देश दिया।

जांच के दौरान शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि होने के बाद पुलिस अधीक्षक ने संबंधित दरोगा, सिपाही और मुंशी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई पुलिस विभाग में जवाबदेही और अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से की गई है।
पुलिस महकमे में हुई इस कार्रवाई की चर्चा पूरे जिले में हो रही है। वहीं, विभागीय स्तर पर आगे की प्रक्रिया भी जारी है। एसपी की इस कार्रवाई को पुलिस व्यवस्था में पारदर्शिता और अनुशासन कायम रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


