
Deoghar: देवघर नगर थाना इलाके में इन दिनों बाइक सवार चेन स्नेचर बेलगाम होते जा रहें हैं। इन बदमाशों का मन इतना बढ़ गया है कि अब पुलिस के बसेरा इलाके में छिनतई को अंजाम देने लगें हैं।

शुक्रवार को दिन के 11.30 बजे के आसपास बाइक सवार बदमाशों ने बेलाबगान पुलिस लाइन के पास एक शिक्षका के गले से सोने की चेन छिनतई कर कालीबाड़ी रोड होकर फरार हो गये। महिला के चिल्लाने पर आसपास के एक दो दुकानदारों ने बदमाश को पकड़ने का प्रयास किया लेकिन उन्हें झटका देकर फरार हो गये। पीड़ित शिक्षका बेलाबगान निवासी सुनिता कुमारी सिंह ने इसे लेकर नगर थाना में आवेदन देकर शिकायत की है।

पीड़िता ने बताया कि वह बिहार के जमुई जिला के चकाई प्रखंड स्थित एक स्कूल में शिक्षिका है। शुक्रवार को वह स्कूल से लौट रही थी। बस से उतर कर पैदल बेलाबगान स्थित घर जा रही थी। उसी दौरान बेलाबगान पुलिस लाइन के पास बाइक सवार दो अज्ञात बदमाश ने गले से सोने का चेन छिन लिया और फरार हो गये।
बताते चलें कि घटना की सूचना किसी ने देवघर एसपी राकेश रंजन को दे दिया। एसपी के निर्देश पर सदर एसडीपीओ ऋत्विक श्रीवास्तव सदलबल नगर थाना पुलिस के पहुंचने से पहले ही घटना स्थल पहुंचे और बदमाशों की पहचान करने के लिये आसपास लगे सीसीटीवी को खंगालने में जुट गये। इधर जानकारी मिलते ही नगर थाना के एसआई राजेश यादव, एसआई तरूण बाखला पेट्रोलिंग पार्टी के साथ पहुंचे। समाचार लिखे जाने तक पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर बदमाशों की पहचान करने में जुटी थी।


