
Deoghar : देवघर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र स्थित पुराना बगरा गांव में रविवार की दोपहर वज्रपात की चपेट में आने से दो किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान 14 वर्षीय प्रमोद कुमार और 12 वर्षीय भरत कुमार के रूप में हुई है।

दोनों का इलाज देवघर सदर अस्पताल में चल रहा है। परिजनों ने बताया कि रविवार दोपहर बाद अचानक तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान दोनों किशोर घर के बगल स्थित बगीचे में आम चुनने के लिए चले गए थे।

आंधी-पानी के बीच अचानक जोरदार वज्रपात हुआ, जिसकी चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल दोनों को उपचार के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। परिजनों ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील की है।


