
Deoghar: झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार मंगलवार को संथाल परगना प्रमंडल के दो दिवसीय दौरे पर देवघर पहुंचे। देवघर एयरपोर्ट पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने उनका स्वागत किया।

इस दौरान निर्वाचन विभाग के कई अधिकारी भी उपस्थित रहे। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी का यह दौरा राज्य में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की तैयारियों और उसके प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा के उद्देश्य से आयोजित किया गया है।

अधिकारियों ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी का स्वागत करते हुए जिले में निर्वाचन संबंधी तैयारियों की जानकारी भी साझा की। दौरे के पहले दिन मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने देवघर जिले के मधुपुर प्रखंड में बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) एवं BLO सुपरवाइजरों के लिए आयोजित विशेष ट्रेनिंग कार्यक्रम में भाग लिया।
इस मौके पर उन्होंने फील्ड स्तर के अधिकारियों से सीधा संवाद कर मतदाता सूची पुनरीक्षण और फॉर्म प्रोसेसिंग से जुड़ी उनकी सभी शंकाओं और तकनीकी समस्याओं का ऑन-द-स्पॉट निपटारा किया।


