
Deoghar News : देवघर सदर अस्पताल में इलाजरत एक मरीज को एक्सपायरी सलाईन चढ़ाने तथा ड्रेसिंग के नाम पर पैसे मांगने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि पैसे नहीं देने पर ड्रेसिंग कर्मी ने मरीज पक्ष का मोबाइल फोन अपने पास रख लिया और भुगतान के बाद ही वापस किया।

शुक्रवार को हुई इस घटना के सामने आने के बाद मरीज के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन के प्रति नाराजगी जताई और मामले की जांच की मांग की।

जानकारी के अनुसार बैजनाथपुर गांधीनगर मोहल्ला निवासी टुम्पा देवी ने बताया कि उनका पुत्र कृष कुमार शुक्रवार सुबह अपने साथियों के साथ बाइक से जा रहा था।
इसी दौरान बिलासी मोड़ के समीप एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
परिजनों के मुताबिक चिकित्सक की सलाह पर घायल युवक को ड्रेसिंग के लिए भेजा गया। आरोप है कि वहां ड्यूटी पर तैनात ड्रेसर ने ड्रेसिंग करने के एवज में 550 रुपये की मांग की।
जब परिजनों ने तत्काल पैसे देने में असमर्थता जताई तो ड्रेसर ने उनका मोबाइल फोन अपने पास रख लिया और पैसे मिलने के बाद ही लौटाने की बात कही। बाद में राशि देने पर मोबाइल वापस किया गया, जिसके बाद ड्रेसिंग की गई।
ड्रेसिंग के बाद कृष कुमार को अस्पताल के वार्ड में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। इसी दौरान परिजन सुधीर तुरी की नजर मरीज को चढ़ाई जा रही सलाईन पर पड़ी। सलाईन की एक्सपायरी तिथि देखने पर वह चौंक गए।
परिजनों का आरोप है कि मरीज को जो सलाईन चढ़ाई जा रही थी, उसकी वैधता जनवरी 2026 में ही समाप्त हो चुकी थी। इस संबंध में जब अस्पताल कर्मी से पूछताछ की गई तो जल्दबाजी में लगाने की बात कही गई। परिजनों के विरोध और आक्रोश के बाद सलाईन को तत्काल बदल दिया गया।
गौरतलब है कि सदर अस्पताल में इससे पहले भी एक्सपायरी इंजेक्शन लगाने का मामला सामने आ चुका है, जिसने काफी तूल पकड़ा था। उस मामले की जांच के लिए टीम का गठन किया गया था। वहीं मिठाई के नाम पर पैसे मांगने की शिकायत भी पहले सामने आ चुकी है, जिसकी जांच चल रही है।
इस मामले पर सदर अस्पताल की उपाधीक्षक डॉ. सुषमा वर्मा ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है और लगाए गए आरोप बेहद गंभीर हैं। उन्होंने बताया कि संबंधित एएनएम, वार्ड इंचार्ज और ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक से स्पष्टीकरण मांगा गया है। साथ ही ड्रेसर से भी जवाब तलब किया गया है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले से सिविल सर्जन को अवगत कराया जाएगा और उनके निर्देश के आलोक में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


