
Deoghar News : देवघर नगर थाना क्षेत्र के झौंसागढ़ी स्थित बरगाछ के समीप एक महिला ने घर में घुसकर आग लगाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। यह मामला झोंसागढ़ी निवासी सुषमा देवी ने मामला दर्ज कराया है।

दर्ज मामले के अनुसार घटना 8 जून की रात करीब एक बजे की है। उस समय सुषमा देवी अपने परिवार के साथ घर में सो रही थीं। आरोप है कि विकास कुमार राजपुत, पिता सुरेश राजपुत स्थायी निवासी गंगाराम कॉलोनी कच्ची फाटक, पानीपत (हरियाणा) तथा वर्तमान में खपरोडीह स्थित गणेश ड्रायक्लीनर्स के पास रहने वाला अपने दो सहयोगियों के साथ उनके घर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा।

महिला का आरोप है कि विरोध करने पर उसे धक्का देकर गिरा दिया गया। इसके बाद आरोपित अपने साथ लाए बोतल में रखे पेट्रोल को घर में छिड़ककर आग लगा दी। आग लगने से घर में रखे सामान को नुकसान पहुंचा, जिससे लाखों रुपये की क्षति होने की बात कही गई है।
घटना के दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग जुटने लगे, जिसके बाद आरोपित वहां से भाग निकले। जाते-जाते उन्होंने पुलिस को सूचना देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। सुषमा देवी ने मामले में कहा है कि आगजनी की पूरी घटना की मोबाइल रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध है।
उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।


