Deoghar News : देवघर नगर थाना क्षेत्र के बंपास टाउन स्थित देवसंघ आश्रम के पीछे मोहल्ले में अवैध रूप से संचालित नेल पॉलिश फैक्ट्री में हुए जोरदार ब्लास्ट के मामले में अब प्रशासन की ओर से भी प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। देवघर अंचल कार्यालय के अंचल निरीक्षक विजय मरांडी के बयान पर दर्ज मामले में फैक्ट्री संचालक गुड्डू बरनवाल को नामजद आरोपित बनाया गया है।

इससे पहले पड़ोसी के बयान पर भी फैक्ट्री संचालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, सीओ के आदेश पर अंचल निरीक्षक विजय मरांडी ने राजस्व उपनिरीक्षक भानू शर्मा के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया था। स्थल जांच के दौरान पता चला कि उक्त नेल पॉलिश फैक्ट्री का संचालन गुड्डू बरनवाल द्वारा किया जा रहा था।

जांच के क्रम में आरोपित से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया।वहीं जांच में यह भी जानकारी सामने आयी कि फैक्ट्री में हुए ब्लास्ट के कारण आसपास के दो पड़ोसियों देवदत्त और सुजीत कुमार के मकान भी क्षतिग्रस्त हो गये हैं।
इसके बाद अंचल निरीक्षक ने मामले में दोषी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध करते हुए नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया गया था काबू
गौरतलब है कि गुरुवार की सुबह फैक्ट्री में अचानक जोरदार ब्लास्ट हुआ था, जिसके बाद वहां भीषण आग लग गयी थी। आग इतनी भयावह थी कि उस पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की पूरी टीम को करीब तीन घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी थी। इस दौरान दमकल की चार गाड़ियों को लगाया गया था।
बताया जाता है कि उक्त फैक्ट्री का संचालन पिछले पांच से छह वर्षों से अवैध रूप से किया जा रहा था। जिस मोहल्ले में फैक्ट्री संचालित हो रही थी, वह घनी आबादी वाला क्षेत्र है। ऐसे में अतिज्वलनशील सामग्री रखकर फैक्ट्री चलाना आसपास के लोगों की सुरक्षा के लिहाज से गंभीर मामला माना जा रहा है।
शहर की अन्य फैक्ट्रियों की भी होगी जांच
इस घटना के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। अब यह भी जांच की जा रही है कि शहर के किसी अन्य इलाके में इसी तरह अवैध रूप से फैक्ट्री या कारोबार का संचालन तो नहीं किया जा रहा है। प्रशासन की ओर से ऐसे प्रतिष्ठानों की जानकारी जुटाने और नियमों के उल्लंघन की जांच की जा रही है।



