Giridih News : धनवार चौक स्थित यूको बैंक में पांच नवंबर को हुई करोड़ों रुपये की डकैती के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कांड में संलिप्त तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों में दो देवघर जिले के तथा एक गिरिडीह जिले का रहने वाला है। इनके पास से एक देशी कट्टा, एक पिस्टल, सात जिंदा कारतूस और डकैती में प्रयुक्त तीन वाहन बरामद किए गए हैं। बरामद वाहनों में एक स्कॉर्पियो और दो अपाचे मोटरसाइकिल शामिल हैं।

सोमवार को गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार ने अपने कार्यालय कक्ष में प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पांच नवंबर 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे धनवार थाना क्षेत्र के धनवार चौक स्थित यूको बैंक में पांच अपराधकर्मी हथियार के बल पर घुसे थे। अपराधियों ने बैंक के लॉकर से करीब पांच करोड़ रुपये मूल्य के सोने के पैकेट और लगभग 11 लाख 50 हजार रुपये नकद की डकैती की थी। इस संबंध में धनवार थाना कांड संख्या 288/2026, दिनांक 05.11.2026 को बीएनएस की विभिन्न धाराओं 310(2), 311, 115(2), 117(2), 127(1), 127(2), 351(2) एवं 352 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
पांच विशेष टीमों का किया गया था गठन

एसपी ने बताया कि घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसडीपीओ सदर, एसडीपीओ सरिया-बगोदर, एसडीपीओ खोरीमहुआ और पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय-द्वितीय के नेतृत्व में पांच अलग-अलग विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया और विभिन्न स्थानों पर नाकेबंदी कर अपराधियों का पीछा शुरू किया।
घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मोटरसाइकिल से भाग रहे थे। इसी दौरान जमुआ थाना क्षेत्र के बरदबटिया गांव के पास सड़क पर बड़ा गड्ढा होने के कारण उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद अपराधी बाइक छोड़कर जंगल का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। पुलिस की विशेष टीम ने चारों तरफ से जंगल की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया।
देवघर के मो. रिजवान को पिस्टल के साथ पकड़ा
तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने जंगल से मो. रिजवान, पिता हयात अली, निवासी सत्संग सुरा तिलवाना, थाना नगर, जिला देवघर को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर झाड़ी में छिपाकर रखा गया लोडेड पिस्टल बरामद किया गया। पिस्टल पर मेड इन यूएसए लिखा हुआ था। इसमें तीन जिंदा कारतूस लोड थे। मो. रिजवान से पूछताछ के बाद पुलिस को अन्य अपराधियों के संबंध में जानकारी मिली। इसके आधार पर नियमित छापेमारी अभियान चलाया गया।
बदवारा जंगल से दो अन्य अपराधी गिरफ्तार
छापेमारी के दौरान बेंगाबाद थाना क्षेत्र के बदवारा जंगल से सुलतान अली उर्फ रॉकी, पिता मो. सब्बीर हुसैन, निवासी चपुआडीह, थाना बेंगाबाद, जिला गिरिडीह को एक देशी कट्टा के साथ गिरफ्तार किया गया। वहीं, देवघर जिले के आयूष पाण्डेय, पिता स्व. जयकांत पाण्डेय, निवासी गुल्ली पाथर, पोस्ट सत्संग, थाना नगर, जिला देवघर को चार जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने इन दोनों के द्वारा इस्तेमाल की जा रही अपाचे मोटरसाइकिल भी जब्त की। गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही पर बेंगाबाद थाना क्षेत्र से घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन को भी जब्त किया गया।
ये सामान किए गए जब्त
पुलिस द्वारा जारी विवरण के अनुसार कांड में निम्नलिखित सामान जब्त किए गए हैं। जिसमे एक देशी कट्टा, एक पिस्टल, जिस पर मेड इन यूएसए लिखा हुआ है, कुल सात जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर जेएच-11एबी-6214 है, घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल, जिसका नंबर जेएच-11बीएस-9796 है, घटना में प्रयुक्त ग्रे रंग की अपाचे मोटरसाइकिल, जिसका नंबर जेएच-02बीई-6937 है।
गिरफ्तार अपराधियों का पूरा पता
मो. रिजवान पिता हयात अली, निवासी सत्संग सुरा तिलवाना, थाना नगर, जिला देवघर, सुलतान अली उर्फ रॉकी पिता मो. सब्बीर हुसैन, निवासी चपुआडीह, थाना बेंगाबाद, जिला गिरिडीह, आयूष पाण्डेय पिता स्व. जयकांत पाण्डेय, निवासी गुल्ली पाथर, पोस्ट सत्संग, थाना नगर, जिला देवघर।
दो गिरफ्तार आरोपितों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार मो. रिजवान के विरुद्ध मधुपुर थाना में कांड संख्या 265/2024, दिनांक 09.12.2024 को बीएनएस की धारा 228, 125, 324(4), 3(5) तथा विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 3/4 के तहत मामला दर्ज है। वहीं, सुलतान अली उर्फ रॉकी के विरुद्ध मधुपुर थाना कांड संख्या 157/2025, दिनांक 16.10.2025 को बीएनएस की धारा 310(2) के तहत मामला दर्ज है।
छापेमारी टीम में शामिल थे ये पुलिस पदाधिकारी
इस कांड के उद्भेदन और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए गठित विशेष अनुसंधान दल में शामिल प्रमुख पुलिस पदाधिकारियों में एसडीपीओ सदर गिरिडीह जीतबाहन उरांव, एसडीपीओ सरिया-बगोदर धनंजय राम, एसडीपीओ खोरीमहुआ अमरेन्द्र कुमार, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय-द्वितीय आरके राणा, पुलिस निरीक्षक जमुआ अंचल प्रदीप कुमार दास, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी मुफ्फसिल ज्ञान रंजन, पुलिस निरीक्षक बेंगाबाद अंचल बमबम कुमार तथा पुलिस निरीक्षक गावां अंचल कैंप तिसरी रोहित कुमार महतो शामिल थे। इनके अलावा विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) के सभी पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों ने कार्रवाई में अहम भूमिका निभाई।
लूटे गए सोने और नकदी की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी
एसपी डॉ. बिमल कुमार ने बताया कि बैंक डकैती में लूटे गए रुपये और जेवरात की बरामदगी के साथ-साथ घटना में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है। इसके लिए तीन अन्य विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी अभियान चला रही हैं



