
Hazaribagh : हज़ारीबाग जिले के बरही थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात करीब एक बजे करसो पुल के समीप अज्ञात अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान हजारीबाग शहर के ओकनी निवासी विक्की सोनी के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विक्की सोनी केदारनाथ यात्रा पर रवाना हुए थे। चालक उन्हें कोडरमा रेलवे स्टेशन छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान बरही थाना क्षेत्र के करसो पुल के पास उनकी कार अचानक पंचर हो गई।

बताया जाता है कि विक्की और चालक दोनों सड़क किनारे वाहन रोककर टायर बदल रहे थे। तभी मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात अपराधी वहां पहुंचे, और विक्की सोनी को निशाना बनाते हुए उनकी गर्दन में गोली मार दी। गोली लगते ही विक्की गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी फरार हो गए।
चालक ने तुरंत घटना की सूचना बरही पुलिस को दी। बरही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी की जा रही है।


