Deoghar : देवीपुर थाना क्षेत्र के तिलजोरी निवासी 19 वर्षीय शुभम कुमार सिंह ने सोहन रवानी, रकी शर्मा समेत पांच अज्ञात लोगों पर गाली-गलौज, मारपीट कर 38,600 रुपये छीनने और लोहे की रॉड से जान मारने की नीयत से सिर पर प्रहार करने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर शुभम ने 21 अक्टूबर को देवीपुर थाना में मामला दर्ज कराकर आरोपितों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

मामले के अनुसार शुभम कुमार सिंह 18 अक्टूबर को दोपहर करीब 3:30 बजे ट्रैक्टर टैंकर में पानी भरने के लिए ठाकुर चौक शंकरपुर गया था। पानी भरने के लिए होंडा स्टार्ट कर वह सामने स्थित राशन दुकान गया था। दुकान से वापस लौटने के दौरान सोहन रवानी (24 वर्ष), पिता उचित रवानी, ग्राम पंचायत भोजपुर, थाना देवीपुर तथा रकी शर्मा (24 वर्ष), पिता चुन्ना शर्मा, ग्राम पतारडीह, थाना जसीडीह सहित पांच अज्ञात व्यक्ति वहां पूर्व से घात लगाकर बैठे थे।

मामले में शुभम ने आरोप लगाया है कि उक्त सभी लोगों ने उसका पीछा करते हुए कॉलर पकड़ लिया और गाली-गलौज करते हुए धक्का-मुक्की तथा पंजा से मारपीट की। आरोप है कि इसी दौरान उसकी जेब से 38,600 रुपये जबरन निकालकर अपने पास रख लिए गए।
शुभम के अनुसार, जब उसने अपना पैसा वापस मांगा तो सोहन रवानी ने हाथ में रखी लोहे की रॉड से जान मारने की नीयत से उसके सिर पर जोरदार प्रहार कर दिया। इससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया। हो-हल्ला की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुटे और किसी तरह उसकी जान बचाई।
इसके बाद आनन-फानन में उसे इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल ले जाया गया। इलाज कराने के बाद शुभम 21 अक्टूबर को देवीपुर थाना पहुंचा और घटना के संबंध में लिखित आवेदन दिया। उसने थाना प्रभारी से मामले की जांच कर आरोपितों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।



