
Deoghar News : पुलिस अधीक्षक देवघर प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के निर्देश पर 3 जून को कार्रवाई करते हुए तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।

इन पर विभिन्न फर्जी पहचान बनाकर लोगों से ऑनलाइन ठगी करने का आरोप है। पुलिस को प्राप्त गुप्त सूचना के अनुसार कुछ संदिग्ध साइबर आरोपी पीएम किसान योजना और लोन दिलाने के नाम पर भी फर्जी मोबाइल नंबरों का उपयोग कर लोगों को झांसे में लेकर ऑनलाइन ठगी कर रहे थे।

गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से बरामद मोबाइल फोन और सिम कार्ड की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी में उनकी संलिप्तता पाई गई है। गिरफ्तार आरोपियों में करौं थाना क्षेत्र के डुमरथर निवासी संतोष कुमार दास, शेखर कुमार दास तथा मधुपुर थाना क्षेत्र के नवापटोरो गांव निवासी सुमन कुमार दास शामिल हैं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी फर्जी गूगल पे, फोनपे, पेटीएम कस्टमर केयर और आईआरसीटीसी पदाधिकारी बनकर उपभोक्ताओं को कैशबैक का झांसा देते थे। वहीं फर्जी एयरटेल पेमेंट बैंक पदाधिकारी बनकर एयरटेल थैंक्स ऐप के माध्यम से बैंक कार्ड बंद होने का डर दिखाते हुए कार्ड दोबारा चालू कराने के नाम पर भी ठगी की जाती थी।
छापेमारी के दौरान आरोपियों के पास से 4 मोबाइल फोन, 3 सिम कार्ड, 3 हजार रुपये नकद तथा 5 डेबिट कार्ड बरामद किए गए। कार्रवाई में साइबर थाना, पाथरोल थाना और करौं थाना की पुलिस टीम शामिल थीं।


