
Deoghar News : देवघर नगर थाना क्षेत्र के रांगा मोड़ ओवरब्रिज के पास शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में हाई टेंशन बिजली तार की चपेट में आने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया।

घायल की पहचान सीमावर्ती बिहार के बांका जिला अंतर्गत चांदन थाना क्षेत्र के पीयारफेड़ गांव निवासी सहदेव कुमार के रूप में हुई है। घायल के स्वजन भोला पंडित ने बताया कि सहदेव कुमार मजदूरी का कार्य करता है।

वह रांगा मोड़ ओवरब्रिज के समीप एक मकान निर्माण कार्य में सेंटरिंग का काम कर रहा था। इसी दौरान उसके सिर के ऊपर से गुजर रहे हाई टेंशन बिजली तार की चपेट में वह आ गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलसकर घायल हो गया।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की मदद से उसे तत्काल इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है। सूचना मिलने पर घायल के परिजन भी सदर अस्पताल पहुंच गए।
घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है और दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। वहीं, हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
घायल की स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है।



