Deoghar : देवघर नगर थाना क्षेत्र के देवसंघ स्थित रिहाइशी इलाके में गुरुवार की अहले सुबह एक नेल पॉलिश फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। बताया जाता है कि गुरुवार सुबह करीब 4:30 बजे फैक्ट्री में अचानक जोरदार ब्लास्ट हुआ।

विस्फोट की आवाज सुनकर आसपास के लोग नींद से जाग गए। लोगों ने बाहर निकलकर देखा तो नेल पॉलिश फैक्ट्री आग की भीषण लपटों से घिरी हुई थी।

फैक्ट्री में ब्लास्ट के बाद आग लगने की घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। रिहाइशी क्षेत्र में स्थित फैक्ट्री में आग की भयावह स्थिति देखकर स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया। घटना के बाद तत्काल अग्निशमन विभाग को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।
अग्निशमन कर्मी आग बुझाने के प्रयास में जुटे हुए थे। वहीं, घटना की सूचना मिलने पर नगर थाना और कुंडा थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
समाचार लिखे जाने तक फैक्ट्री में लगी आग को बुझाने का कार्य जारी था। आग लगने और ब्लास्ट के कारणों की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। घटना के बाद आसपास के इलाके में लोगों के बीच भय और चिंता का माहौल बना हुआ था।



