
Deogarh: देवघर जिले के देवीपुर थाना क्षेत्र के सिरसिया गांव में एक तेज रफ्तार थार ने देवघर एम्स में गार्ड के पद पर कार्यरत युवक की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई।

मृतक की पहचान सिरसिया गांव निवासी रूपेश कुमार राय (30) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि ड्यूटी खत्म करने के बाद वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक अनियंत्रित थार ने उन्हें जोरदार धक्का मार दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और राहगीर मौके पर जुट गए।

स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल रूपेश को उठाकर एम्स के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोट लगने के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही देवीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, थार चालक को ग्रामीणों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया है। हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि थार चालक ने शराब का सेवन कर रखा था और तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था।
पुलिस पुरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है।


