
Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र के बरमसिया मोहल्ले में दहेज विवाद को लेकर हुई मारपीट में चार महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। सभी घायलों को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लाया गया, जहां ऑन ड्यूटी चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद वार्ड में भर्ती कर लिया है। घटना की सूचना नगर थाना पुलिस को दे दी गई है।

घटना के संबंध में रिखिया थाना क्षेत्र के बलसारा गांव निवासी पीड़िता दीपू देवी ने बताया कि दो माह पूर्व उनकी बेटी सृष्टि देवी की शादी बरमसिया मोहल्ले में हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा लगातार दहेज की मांग की जा रही थी तथा बेटी के साथ मारपीट की जाती थी।

पीड़िता के अनुसार मामले को लेकर बातचीत करने के लिए वे लोग बरमसिया मोहल्ला पहुंचे थे। इसी दौरान सड़क पर ही गाली-गलौज करते हुए कुछ लोगों ने लाठी-डंडा एवं लोहे की रॉड से हमला कर दिया। मारपीट में दीपू देवी, सरिता देवी, पूजा देवी एवं सृष्टि देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया और सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।



