
Jharkhand Weather: झारखंड का मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। कहीं लू तो कई जगहों पर आंधी-बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार पलामू-गढ़वा समेत कई जिलों में गर्मी बढ़ेगी। संतालपरगना इलाके में वज्रपात और बारिश होने की संभावना है। जबकि कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार में 21, 22 और 23 मई को तापमान में बढ़ोतरी और लू चलने की संभावना है। वहीं 22 मई को रांची सहित अन्य जिलों में दोपहर बाद बादल छाए रहने, तेज हवा चलने और कहीं-कहीं वज्रपात के साथ बारिश होने की संभावना है। खासकर संतालपरगना इलाके में 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा और वज्रपात होने की आसार हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, 23 मई को रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, बोकारो, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज में 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी के साथ वज्रपात और बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
जबकि मौसम विभाग ने रांची सहित चतरा, लोहरदगा, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसांवा में बादल छाए रहने, तेज हवा और वज्रपात की संभावना जताई है। इन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।


