
Deoghar : देवघर जिले के सारठ थाना क्षेत्र के आर जोड़ी गांव के समीप सड़क पार करने के दौरान एक महिला को अज्ञात बाइक सवार ने जोरदार धक्का मार दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में मातम पसरा हुआ है।

मृतका की पहचान आर जोड़ी गांव निवासी निराशा देवी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार सोमवार शाम वह घर जाने के लिए सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।

स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
परिजनों के अनुसार महिला को एंबुलेंस से रांची ले जाया जा रहा था, लेकिन सारठ के पास पहुंचते ही उनकी हालत अचानक बिगड़ने लगी। इसके बाद उन्हें वापस देवघर सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के उपरांत मृत घोषित कर दिया।
घटना के संबंध में मृतका के पुत्र सल्लू वर्मा ने बताया कि अज्ञात बाइक सवार की टक्कर से उनकी मां गंभीर रूप से घायल हुई थीं। पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है तथा अज्ञात बाइक सवार की तलाश की जा रही है।


