
Deoghar: देवघर जिले के देवीपुर थाना क्षेत्र के रामरायडीह गांव में शनिवार देर रात एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थिति में कुंए से बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतका की पहचान 40 वर्षीय हेमा बास्की के रूप में हुई है, जो कोबरी अमडीहा गांव की निवासी थी और स्थानीय सरकारी स्कूल में रसोईया के रूप में कार्यरत थी।
घर से चार किलोमीटर दूर मिला शव

बताते चलें कि महिला का शव उसके घर से करीब चार किलोमीटर दूर स्थित एक कुंए में पाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
परिजनों ने बताया कि शनिवार की अहले सुबह परिवार के सभी सदस्य सोए हुए थे। इसी दौरान अहले सुबह हेमा बास्की बिना किसी को कुछ बताए घर से निकल गई थी। देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
देर रात पुलिस द्वारा कुंए में महिला का शव मिलने की सूचना पर परिजन घटनास्थल पहुंचे और शव की पहचान हेमा बास्की के रूप में की। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
बताया जाता है कि मृतका के पति का पांच वर्ष पूर्व निधन हो चुका है। परिवार में उसके दो बेटे और एक बेटी हैं, जिसमें बेटी की शादी हो चुकी है। महिला ही परिवार का भरण-पोषण कर रही थी।
घटना की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि महिला किन परिस्थितियों में घर से चार किलोमीटर दूर पहुंची और कुंए में कैसे गिरी। घटना को लेकर क्षेत्र में कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं, वहीं पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है।


