Deoghar: शादी समारोह से लौट रहे लोगों से भरा एक टोटो अनियंत्रित होकर पलट गया। इस घटना में टोटो पर सवार चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना सारवां थाना क्षेत्र के बाघ पत्थर गांव के पास का है। घायल व्यक्तियों की पहचान बाघ पत्थर गांव निवासी मुरली गुर्जर, पूजा कुमारी, हरिकुशन पुजार और संदीप कुमार के रूप में हुई है। इनमें से तीन लोग गंभीर रूप से घायल बताए जाते हैं।

घायल मुरली गुर्जर ने बताया कि शनिवार को वे अपने परिवार के साथ टोटो से किसनिदी गांव शादी समारोह में शामिल होने गए थे। रविवार को सभी लोग वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान किसनिदी गांव से करीब दो किलोमीटर दूर टोटो अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे पलट गया। हादसे में टोटो पर सवार लोग घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और सभी घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां ऑन-ड्यूटी डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें वार्ड में भर्ती कर लिया। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।



