Deoghar : देवघर नगर थाना क्षेत्र के जून पोखर मोहल्ले में गुरुवार को एक युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन आनन-फानन में उसे फंदे से उतारकर देवघर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां ऑन ड्यूटी चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान स्नेहा दत्त के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार, स्नेहा सदर अस्पताल में कौशल विकास कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षण ले रही थी। इसके साथ ही वह घर पर बच्चों को ट्यूशन भी पढ़ाती थी। गुरुवार शाम उसकी मां अस्पताल में भर्ती एक बीमार परिजन से मिलने गई थीं। घर लौटने के बाद उन्होंने बेटी को दरवाजा खोलने के लिए कई बार फोन किया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।

इसके बाद आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर उसे तोड़ा गया। अंदर जाने पर स्नेहा का शव पंखे से लटका मिला। यह दृश्य देखकर परिजन स्तब्ध रह गये। इसके बाद उसे फंदे से उतारकर तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
युवती की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना अस्पताल प्रबंधन की ओर से बैद्यनाथधाम ओपी पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जानकारी जुटाने के लिए परिजनों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल युवती के आत्महत्या करने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।



