
Deoghar: देवघर स्थित बैद्यनाथ मंदिर में पाकिस्तानी जासूसों द्वारा रेकी की आशंका जतायी गई है। इसे लेकर पुलिस मुख्यालय स्पेशल ब्रांच ने बाबा मंदिर की सुरक्षा को लेकर अलर्ट जारी किया है। खासकर आने वाले श्रावणी मेला के दौरान मंदिर की सुरक्षा को लेकर ख़ुफ़िया एजेंसी हाई अलर्ट पर है।

स्पेशल ब्रांच की रिपोर्ट में मेला के दौरान प्रशासनिक सतर्कता और निगरानी आवश्यक बतायी गई है। यह रिपोर्ट डीजीपी तदाशा मिश्र, देवघर डीसी और एसपी को भेजी गई है। इस रिपोर्ट के बाद से अभी से ही बाबा मंदिर परिसर की सुरक्षा को लेकर मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है।
मेटल डिटेक्टर से हर श्रद्धालु की जांच

मंदिर परिसर का माहौल पूरी तरह बदल गया है। चारों प्रवेश द्वारों पर बढ़ी सख्ती साफ नजर आती है। हर गेट पर पुलिसकर्मी मेटल डिटेक्टर के साथ तैनात हैं। एक-एक श्रद्धालु की गहन जांच की जा रही है। पहले जहां लोग सामान्य तरीके से लाइन में आगे बढ़ जाते थे, अब वहां बैग खोलकर दिखाने, शरीर की स्कैनिंग और पूछताछ की प्रक्रिया से गुजरना पड़ रहा है। श्रद्धालुओं की लंबी कतार जरूर दिख रही है, लेकिन सुरक्षा को लेकर किसी तरह की ढील नहीं बरती जा रही। मंदिर के क्यू कॉम्प्लेक्स में भी सुरक्षा का घेरा और कड़ा कर दिया गया है।

यहां तैनात जवान लगातार भीड़ को नियंत्रित करने के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं। हर आने-जाने वाले पर नजर रखी जा रही है। हर स्तर पर जांच की जा रही है। 50 आईआरबी जवान और 25 गृहरक्षक जवानों की तैनाती से पूरे परिसर में सुरक्षा की मौजूदगी स्पष्ट महसूस हो रही है।
मंदिर परिसर के अंदर जाते ही हर कोने में लगे सीसीटीवी कैमरे दिखाई देते हैं। कंट्रोल रूम में बैठी टीम लगातार स्क्रीन पर नजर रख रही है। किसी भी संदिग्ध हरकत पर तुरंत ग्राउंड टीम को अलर्ट किया जा रहा है। बिना जांच के किसी भी सामान को अंदर ले जाने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।
सुरक्षा के लिए किया जा रहे हैं मूलभूत परिवर्तन: एसपी
देवघर एसपी कुमार सौरभ के मुताबिक बाबा मंदिर की सुरक्षा के लिए देवघर पुलिस प्रयासरत है। मंदिर पूरी तरह सुरक्षित रहे, इसको लेकर वहां डेडीकेटेड फोर्स की नियुक्ति की गई है। जिनके द्वारा लगातार जितने भी श्रद्धालु आते हैं, उनकी चेकिंग की जा रही है। इस तरह की व्यवस्था को परमानेंट व्यवस्था बनाने के लिए मूलभूत परिवर्तन करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए सुरक्षा के सभी बिंदुओं पर विचार किया जा रहा है,साथ ही जितने स्टेक होल्डर हैं, उनसे बात करने के बाद बाबा मंदिर की सुरक्षा और पुख्ता किया जाएगा। मन्दिर की सुरक्षा को लेकर देवघर पुलिस पूरी तरह से गम्भीर है और तैयारी भी पूरी है।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे जांच प्रक्रिया में सहयोग करें और अनावश्यक सामान लेकर बाबा मंदिर में न आएं। सख्ती के बीच यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि बाबा के दर्शन की व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
क्या है मामला
दरअसल, 22 मार्च 2026 को गाजियाबाद में कौशांबी पुलिस ने तीन संदिग्धों को पकड़ा था। जिसमें पाकिस्तानी जासूस बिहार निवासी नौशाद आलम से पूछताछ में यह बात सामने आयी थी कि देवघर का बाबा बैद्यनाथ मंदिर संदिग्धों के निशाने पर है। इसे लेकर पुलिस मुख्यालय स्पेशल ब्रांच ने श्रावणी मेला के दौरान मंदिर की सुरक्षा को लेकर अलर्ट जारी किया है।


