
Deoghar News : देवघर में अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जिले के रिखिया थाना इलाके के बाइपास सड़क पर एक बाइक शोरूम के सामने एक कार एसेसरीज दुकान में गुप्त सूचना पर छापेमारी कर पुलिस ने 14 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

जेल गये आरोपी का नाम अर्जुन महथा है जो रिखिया थाना क्षेत्र के पुनसिया नावाडीह का रहने वाला है। बताया जाता है कार एसेसरीज दुकान की आड़ में ब्राउन शुगर बेचने का धंधा चलाया जा रहा था। जिसका खुलासा पुलिस की छापेमारी में हुआ।

बताते चलें कि रिखिया थाना क्षेत्र स्थित ”कार सेंटर” नामक दुकान में गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की। बताया जाता है कि दुकान संचालक वाहन एसेसरीज बेचने के साथ-साथ ग्राहकों को चोरी-छिपे ब्राउन शुगर की आपूर्ति भी करता था। इस अवैध कारोबार की भनक पुलिस को लंबे समय से मिल रही थी। जिसके बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापा मारा।
छापेमारी के दौरान दुकान से संदिग्ध पदार्थ बरामद किया गया, जिसे जांच के बाद ब्राउन शुगर बताया गया। मौके से पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि कुछ अन्य संदिग्ध मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, दुकान पर अक्सर संदिग्ध गतिविधियां देखी जाती थीं, लेकिन किसी को इस बात का अंदाजा नहीं था कि यहां नशीले पदार्थों का कारोबार चल रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और लोग सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पुलिस इस पूरे नेटवर्क के पीछे जुड़े अन्य लोगों की भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि शहर में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अवैध कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
इसे लेकर रिखिया थाना में एसआई अजय कुमार सिंह के बयान पर मामला दर्ज किया गया। जिसमें जेल गये अर्जुन महथा के अलावे तीन अन्य व्यक्ति को आरोपी बनाया गया है।
जिसमें एक नगर थाना क्षेत्र के बरमसिया और दो रिखिया थाना क्षेत्र के बंधा का रहने वाला है। तीनों कि गिरफ्तारी के लिये पुलिस छापेमारी में जुट गयी है।


