
Deoghar: देवघर जिले के सारवां थाना क्षेत्र के सुरसुरा गांव में पैसे के लेनदेन को लेकर हुई मारपीट में दो लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लाया गया, जहां ऑन ड्यूटी चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को वार्ड में भर्ती कर लिया है।

घटना के संबंध में घायल आफताब अंसारी ने बताया कि उसने गांव के ही एक व्यक्ति से 20 हजार रुपये नगद लिया था। इसी पैसे के लेनदेन को लेकर कई दिनों से विवाद चल रहा था।

आरोप है कि बुधवार को चार अज्ञात लोगों के साथ उक्त व्यक्ति उसके घर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। मारपीट की इस घटना में आफताब अंसारी और अमीना बीवी घायल हो गए।
परिजनों की मदद से दोनों को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है और पूरे घटनाक्रम की जानकारी एकत्र की जा रही है।


