Deoghar News : देवघर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई मारपीट की घटनाओं में पांच लोग घायल हो गये। सभी घायलों को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका इलाज किया।

मारपीट की एक घटना बुधवार देर रात देवघर-जसीडीह मुख्य मार्ग पर सत्संग चौक स्थित एक शराब दुकान के पास हुई। इसमें बेलबागान निवासी राजा कुमार यादव और प्रकाश कुमार प्रधान घायल हो गये। बताया जाता है कि दोनों युवक नशे की हालत में थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवकों के साथ किसी बात को लेकर उनका विवाद हो गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया।

घटना की जानकारी मिलने पर नगर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस को देखते ही बाइक सवार तीनों युवक वहां से फरार हो गये। इसके बाद नगर पुलिस राजा कुमार यादव और प्रकाश कुमार प्रधान को थाना ले गयी। वहां से देर रात दोनों को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
इलाज के बाद पुलिस दोनों को यातायात थाना ले गयी, जहां शराब पीने की जांच करायी गयी। जांच में दोनों के शराब पीने की पुष्टि हुई या नहीं पुलिस कुछ भी बताने से इंकार कर रही है। इसके बाद देर रात पूछताछ कर पुलिस ने दोनों को छोड़ दिया।
हालांकि, इस मामले में पुलिस कुछ भी बताने से इंकार कर रही है। वहीं, मारपीट की अन्य घटनाओं में नगर थाना क्षेत्र के द्वारका नगर कृष्णापुरी निवासी प्रमोद कुमार सुमन और सनी कुमार तथा रिखिया थाना क्षेत्र के मल्हारा गांव निवासी मुकेश ठाकुर घायल हुए हैं। सभी घायलों का सदर अस्पताल में इलाज कराया गया। घटनाओं की जानकारी पुलिस को दे दी गयी है। पुलिस मामलों की छानबीन में जुटी है।



