Deoghar News : छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और शहर में जाम की समस्या से निबटने के लिए जिला प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बदलाव की तैयारी की है। इस संबंध में पुलिस उपाधीक्षक (सीसीआर), देवघर की ओर से अनुमंडल पदाधिकारी को प्रस्ताव भेजा गया है।

इसमें शहरी क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने, ऑटो-टोटो और छोटी चारपहिया वाहनों के लिए रूट डायवर्ट करने तथा बाबा मंदिर एवं शिवगंगा क्षेत्र के आसपास नो-इंट्री जोन बनाने का प्रस्ताव शामिल है।

प्रस्ताव के अनुसार, 15 नवंबर 2026 को दोपहर दो बजे से रात 10 बजे तक तथा 16 नवंबर 2026 को सुबह दो बजे से सुबह 10 बजे तक यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। विशेष परिस्थिति और आपातकालीन वाहनों को छोड़कर मंदिर क्षेत्र एवं शिवगंगा घाट के आसपास वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रखने का प्रस्ताव है।
इन स्थानों पर रोके जाएंगे भारी वाहन
प्रस्तावित रूट चार्ट के अनुसार, अलग-अलग दिशाओं से देवघर आने वाले भारी वाहनों को शहर में प्रवेश करने से पहले निर्धारित स्थानों पर रोकने की योजना है। इसके तहत दुमका की ओर से आने वाले ट्रक, ट्रैक्टर एवं अन्य मालवाहक वाहनों को मोहनपुर थाना क्षेत्र के हिंडोलावरण में रोका जाएगा।

गोड्डा की ओर से आने वाले भारी वाहनों को मोहनपुर थाना क्षेत्र के चौपामोड़, गिरिडीह की ओर से आने वाले वाहनों को देवीपुर थाना क्षेत्र के चौधरीडीह मोड़ तथा मधुपुर की ओर से आने वाले भारी वाहनों को कुंडा थाना क्षेत्र के चांदडीह में रोका जाएगा।
इसी प्रकार सारठ की ओर से आने वाले भारी वाहनों को कुंडा थाना क्षेत्र के कर्णकाल मोड़, जमुई की ओर से आने वाले वाहनों को जसीडीह थाना क्षेत्र के अंधरीगादर पिकेट तथा बांका (बिहार) की ओर से आने वाले भारी वाहनों को जसीडीह थाना क्षेत्र के कोठिया मोड़ एवं रिखिया थाना क्षेत्र के रिखिया आश्रम गेट के पास रोकने का प्रस्ताव है।
इन सभी प्रवेश निषेध बिंदुओं पर संबंधित थाना प्रभारियों को अपने स्तर से व्यवस्था का अनुपालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी देने का प्रस्ताव दिया गया है।
डढ़वा नदी छठ घाट के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित
डढ़वा नदी स्थित मेहर गार्डेन एवं रोहिणी शहीद द्वार छठ घाट पर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं और वाहनों की सुविधा के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित करने का प्रस्ताव है। इसके तहत जसीडीह से देवघर आने वाले वाहन रोहिणी शहीद द्वार से दाहिनी ओर मुड़कर रोहिणी बाजार होते हुए कोरियासा के रास्ते अपने गंतव्य तक जाएंगे।
वहीं, देवघर से जसीडीह जाने वाले वाहन सत्संग ओवरब्रिज से शंख मोड़, कोरियासा और रोहिणी बाजार होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। इसके अलावा दूसरा वैकल्पिक मार्ग भी प्रस्तावित किया गया है। इसके तहत वाहन सत्संग गेट से बेलबगान, चमारीडीह और कुमैठा स्टेडियम होते हुए जसीडीह की ओर जा सकेंगे। इस रूट व्यवस्था के लिए जसीडीह एवं नगर थाना क्षेत्र की पुलिस को संबंधित व्यवस्था सुनिश्चित करने का प्रस्ताव है।
मंदिर और शिवगंगा के आसपास 13 रास्तों पर नो-इंट्री
छठ महापर्व के दौरान बाबा मंदिर एवं शिवगंगा घाट के आसपास श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ होने की संभावना को देखते हुए 13 रास्तों पर नो-इंट्री लागू करने का प्रस्ताव दिया गया है। इन रास्तों पर विशेष परिस्थिति एवं आपातकालीन वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
प्रस्तावित नो-इंट्री वाले रास्तों में जलसार से मंदिर जाने वाला रास्ता, भारती होटल से मंदिर जाने वाला रास्ता, शिवराम झा चौक से मानसिंघी जाने वाला रास्ता, जोड़ा तालाब से डायवर्सन-वन एवं मंदिर जाने वाला रास्ता, सीता होटल से शिवगंगा जाने वाला रास्ता तथा लक्ष्मीपुर चौक से शिवगंगा एवं मंदिर जाने वाला रास्ता शामिल है।
इसके अलावा सम्राट होटल से मंदिर जाने वाला रास्ता, शिक्षा सभा चौक से आजाद चौक, मंदिर एवं टावर चौक जाने वाला रास्ता, डोमासी गली से नर्सिंग सिनेमा हॉल होते हुए मंदिर जाने वाला रास्ता, विद्यापति चौक से नर्सिंग सिनेमा हॉल होते हुए मंदिर जाने वाला रास्ता, द्रौपदी गली से चादर जाने वाला रास्ता, अवंतिका गली से आजाद चौक एवं मंदिर जाने वाला रास्ता तथा टावर चौक से आजाद चौक एवं मंदिर जाने वाले रास्ते पर भी नो-इंट्री लागू करने का प्रस्ताव है।
जिला प्रशासन की इस प्रस्तावित यातायात व्यवस्था का उद्देश्य छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम बनाना, शहर में जाम की स्थिति से बचना तथा मंदिर और शिवगंगा घाट के आसपास भीड़ के बीच सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखना है।



