
Deoghar Cyber Crime News : साइबर ठगी के आरोपितों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इस अभियान के तहत लगातार जिले के विभिन्न थाना क्षेत्र से साइबर ठगी के आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है। वहीं लोगों को साइबर ठगी के बारे में अभियान चलाकर जागरूक भी किया जा रहा है।

साइबर थाना की पुलिस ने साइबर ठगी के छह आरोपितों को सोमवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पकड़े गए आरोपितों में जिले के पथरौल थाना क्षेत्र केकुशाहा निवासी सूरज कुमार दास,लेड़वा निवासी विरेन्द्र कुमार दास, गौनेया निवासी अरूण कुमार दास, डबलू दास, संदीप कुमार दास और अजय कुमार दास के नाम शामिल हैं।

पुलिस ने उनके पास से 08 मोबाइल फोन व 09 सिम कार्ड बरामद किया है। इन आरोपितों को जिले के पथरौल थाना क्षेत्र के लेड़वा स्थित अर्धनिर्मित पक्का मकान से पकड़ा गया है।
पकड़े गए आरोपितों ने पूछताछ के क्रम में बताया गया कि वे लोग मुख्य रूप से गूगल पर कंपनी के कस्टमर केयर नंबर की जगह अपना नंबर डाल देते हैं। परेशानी होने पर लोग उस नंबर पर कंपनी के कस्टमर केयर का नंबर समझकर काल करते हैं।
उसके बाद वे लोग उनसे कंपनी का प्रतिनिधि बनकर बात करते हैं और फिर ठगी का शिकार बना लेते हैं। पूछताछ करने के बाद सभी आरोपितों को जेल भेज दिया गया। छापेमारी दल में साइबर थाना के इंस्पेक्टर त्रिलोचन तमसोय, एसआइ दिलीप बिलुंग और पथरौल थाना की पुलिस टीम शामिल थी।


