Deoghar News : देवघर परिसदन (Circuit House) में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। झारखंड विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी के पीए मिथिलेश झा और पीआरओ विनय मुर्मू को आवंटित कमरा संख्या बी-4 का ताला डुप्लीकेट चाबी से खोलकर अंदर प्रवेश करने और चोरी का प्रयास किए जाने की बात सामने आई है।

घटना की जानकारी मिलते ही नगर थाना पुलिस सक्रिय हुई और घटना के करीब दो घंटे के अंदर एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई। जानकारी के अनुसार, देवघर परिसदन के कमरा नंबर बी-4 में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के पीए मिथिलेश झा एवं पीआरओ विनय मुर्मू ठहरे हुए थे। इसी कमरे को अज्ञात व्यक्ति द्वारा डुप्लीकेट चाबी के माध्यम से खोलने का प्रयास किया गया। मामला सामने आने के बाद परिसदन परिसर में हड़कंप मच गया।
डुप्लीकेट चाबी से कमरे में घुसने का प्रयास

बताया गया कि अज्ञात तत्व ने पहले कमरे के ताले की डुप्लीकेट चाबी का इंतजाम किया और उसके माध्यम से कमरा खोलने का प्रयास किया। वीआईपी गतिविधियों वाले परिसदन में इस तरह की घटना सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। घटना के पीछे चोरी की मंशा थी या किसी अन्य उद्देश्य से कमरे को खोलने का प्रयास किया गया, इसका खुलासा पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगा।
नगर थाना पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस द्वारा परिसदन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला जा रहा है। साथ ही ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों और घटना से जुड़े अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के करीब दो घंटे के अंदर एक आरोपी को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कमरे का डुप्लीकेट चाबी किसने तैयार कराई और घटना में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।
बाबूलाल मरांडी ने सुरक्षा को लेकर जताई चिंता
घटना को लेकर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की ओर से भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई गई है। वीआईपी के लिए सुरक्षित माने जाने वाले परिसदन में उनके पीए और पीआरओ के आवंटित कमरे को डुप्लीकेट चाबी से खोलने का प्रयास सुरक्षा व्यवस्था की गंभीरता को सामने लाता है।
घटना के बाद पुलिस एवं प्रशासनिक स्तर पर भी मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। फिलहाल नगर थाना पुलिस हिरासत में लिए गए व्यक्ति से पूछताछ कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह और इसमें शामिल अन्य लोगों के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आने की उम्मीद है।



