Deoghar News : देवघर जिले के कुण्डा थाना क्षेत्र के तपोवन पहाड़ स्थित मथवा अहड़ा तालाब के पास 25 सितंबर को हुई फायरिंग की घटना में कुण्डा पुलिस ने एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के पास से घटना में प्रयुक्त एक देशी पिस्टल और एक एंड्रायड मोबाइल फोन बरामद किया है।

गिरफ्तार युवक की पहचान सुधांशु कुमार (18 वर्ष), पिता उमेश कुमार यादव, स्थायी पता ग्राम बावनबीघा, थाना मधुपुर, जिला देवघर तथा वर्तमान पता ग्राम तपोवन जमुआ, थाना कुण्डा, जिला देवघर के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, 25 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे तपोवन पहाड़ के मथवा अहड़ा तालाब के पास फायरिंग की घटना हुई थी। घटना में तपोवन जमुआ, थाना मोहनपुर निवासी उमेश यादव, पिता रंजीत यादव को गोली लगी थी।
घायल उमेश यादव का इलाज सदर अस्पताल देवघर में कराया गया। घटना के बाद जख्मी उमेश यादव के फर्दबयान के आधार पर कुण्डा थाना कांड संख्या 120/26 दर्ज किया गया था।
एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित हुई थी टीम
कांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर देवघर कुलदीप कुमार के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया। टीम द्वारा तकनीकी एवं मानवीय आसूचना के आधार पर घटना में शामिल अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा घटना में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के लिए लगातार छापामारी की जा रही थी।
इसी क्रम में 28 सितंबर की रात गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ढाकोडीह के पास फोरलेन रोड किनारे छापामारी कर तपोवन गोलीकांड में शामिल अभियुक्त सुधांशु कुमार को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से कांड में प्रयुक्त देशी पिस्टल तथा एक एंड्रायड मोबाइल फोन बरामद किया गया।
एसडीपीओ ने कहा
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर देवघर कुलदीप कुमार के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। कांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा तकनीकी एवं मानवीय आसूचना के आधार पर लगातार कार्रवाई की जा रही थी। गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ एवं कांड के अनुसंधान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
छापामारी टीम में शामिल पुलिस पदाधिकारी
छापामारी दल में कुलदीप कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर देवघर, पुअनि प्रशांत कुमार थाना प्रभारी कुण्डा थाना, पुअनि रेन्सन बखला, सअनि ओम प्रकाश, आरक्षी चंदन कुमार साहा, प्रवीण कुमार एवं चौकीदार अनिल मंडल शामिल थे।



