Deoghar News : पासपोर्ट सेवा केंद्र और प्रधान डाक घरों को उड़ाने की ई-मेल पर मिली धमकी को लेकर दो दिनों तक लगातार प्रधान डाकघर की जांच की गई। जांच पुलिस के टीम के अलावा श्वान दस्ता की भी मदद ली गई। दो दिनों तक टीम ने बारीकी से एक-एक चीजों की जांच की।

चार मार्च को होली की छुट्टी की वजह से बंदी के बावजूद श्वान दस्ता और पूरी टीम ने पूरे भवन की जांच की। वहीं पांच मार्च को कार्यालय खुलने के बाद फिर से जांच की गई। हालांकि दो दिनों तक जांच के उपरांत टीम को किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

इस बाबत प्रधान डाकघर के हेड पोस्टमास्टर रवि कुमार ने बताया कि आरपीओ रांची को एक मेल मिला था। मेल के माध्यम से उन सभी जगहों को विस्फोट से उड़ाने की धमकी दी गई थी, जहां पासपोर्ट से संबंधित कार्य किए जाते है।
विभाग ने मेल को गंभीरता से लेते हुए सर्किल आफिस, डिविजनल आफिस को सूचित कर अलर्ट किया। प्राप्त निर्देश के आलोक में देवघर एसपी व नगर थाना को पत्राचार कर मामले की जांच कराने की मांग की गई।
इसी एवज में दो दिनों तक जांच की गई। हालांकि जांच के दौरान किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। बावजूद पूरी तरह से चौकस और सतर्कता बरती जा रही है। संदिग्ध चीजों पर विशेष नजर रखी जा रही है।



